Tuesday, July 23, 2019

समय


समय

समय न जाने क्या करा दे इसलिए समय से तो डर कर ही रहना चाहिये। समय ही सबको अपनी गिरफ्त में लेता जाता है। वह सब देख और सुन रहा था लेकिन रोकता या टोकता नहीं था। महाभारत में एक तरफ युद्धिष्ठर, भीम, अर्जुन, नकुल, सहदेव एवं स्वयं भगवान श्रीकृष्ण थे वहीं दूसरी और दुर्योधन, कर्ण, कृपाचार्य, द्रौणाचार्य, शकुनि, नीति-अनीति समझाने वाले संत तुल्य विदुर भी थेफिर भी महाभारत हो कर रही। समय बलवान है।

विनाश काले विपरीत बुद्दि। मुँह से वाणी निकालने से पहले सो बार तोलो फिर बोलो। द्रौपदी ने गलत जुबान बोली, और धृतराष्ट्र ने जुबान ही ना खोली। भाभी द्वारा व्यंग बहुत गंभीर परिणाम में परिणित हो गया।

वैसे तो व्यक्ति में धैर्य व सहनशीलता का गुण अनेक त्रासदियों को रोकने का सामर्थ्य रखता है, लेकिन लोभ, मोह व अपना हित साधने हेतु किया गया धैर्य व सहनशीलता बड़े दुख का कारण भी बन जाता है। यदि पिता, पुत्र-मोह में अन्धा हो जाये और उसके कुकृत्यों के प्रति धैर्य व सहनशीलता अपनाये तो धर्म संकट की स्थित उत्पन होना स्वाभाविक ही है। शकुनि द्वारा द्युतक्रिड़ा में जीती द्रौपदी का चीर-हरण, भरी सभा में होता रहा, लेकिन धृतराष्ट्र समेत सभी सिर झुकाये बैठे रहे। स्वयं श्रीकृष्ण ने कहा है कि:

यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत 
अभ्युमत्थानधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम्‌ 

भावार्थ :  हे भारत। जब-जब धर्म की हानि और अधर्म की वृद्धि होती हैतब-तब ही मैं अपने रुप को रचता हूँ, अर्थात साकार रुप से लोगों के सम्मुख प्रकट होता हूँ।  सच ही है समय से अधिक ताकत किसी में नहीं होती। महाभारत युद्ध 18 दिनों तक चला। उसके बाद तो समय ही गवाह है।
  
न पुत्रः पितरं जज्ञे पिता वा पुत्रमौरसम्। भ्राता भ्रातरं तत्र स्वस्रीयं न च मातुलः।।

अर्थातः उस युद्ध में न पुत्र पिता को, न पिता पुत्र को, न भाई भाई को, न मामा भांजे को, न मित्र मित्र को पहचानता था। दुनिया में न जाने राजा महाराजाओं ने कितने ही युद्ध जीते-हारे। कोई धन जोड़कर मर गया। किसी को सूई की नोक बराबर भी भूमि न देने का भूत सवार था। कोई दुसरों की रानी, या राजकुमारी को जीतने के लिए युद्ध करते रहे। समय गवाह है आज कोई भी दुनिया में नहीं है। समय के आगे सभी हारे। समय ने करवट ली तो पल में राजा से रंक बन गये। सत्यवादी राजा हरिशचन्द्र किसी के घर में दास बनकर रह गये। राजा विक्रमादित्य, राजा नल, इत्यादि को हम इतिहास की गाथाओं में पाते हैं।

इसलिए स्वयं को सबसे ज्यादा शक्तिशाली, बुद्धिमान समझना अज्ञानता है, जो समय शेष है उसे सहज प्रेम से ही बितायें क्योंकि एक-एक पल काल के मुख में जा रहा है। ये काया एक दिन पंचतत्व में ही विलीन हो जायेगी। हम सभी अपने पद की गरिमा एवं मर्यादा का ख्याल रखते हुए निष्पक्ष एवं ईमानदारी से अपना कर्तव्य का पालन करने की भरपूर कोशिश करनी चाहिये। समय ही अंतिम निर्णय करेगा, यदि परिणाम अच्छा है तो साधन जो भी हो, the end justifies the means

राजेश कुमार पूनिया

Tuesday, May 7, 2019

ड्यूकी


ड्यूकी

घर के पास बने एक सामुदायिक केन्द्र में एक कुतिया ने बच्चे दिये। सारे बच्चे देखने लायक थे। किसी के माथे पर सफेद टीका था, कोई बिलकुल भूरे रंग का था, किसी के काले सफेद चतके, कोई चितकबरा कोई बिलकुल काला। कुल आठ बच्चे दिये थे। उस दिन बच्चों ने मुझसे पप्पी घर लाने की इतनी जिद की, के हारकर मुझे उन्हें कहना ही पड़ा कि पिल्ले अभी आठेक दिन के ही हैं जब थोड़े बड़े हो जाएंगे तो एक पिल्ला ले आऊंगा घर। बच्चे, खुश होकर मुझसे लिपट गये। समझ में नहीं आया कि मुझे तो कुत्तों से कितना डर लगता था लेकिन, ये तो बिलकुल भी नहीं डरते।

दोनो बच्चे आज बहुत खुश थे, घर पहुंचते ही अपनी मां को सारी बात कह सुनाई कि पापा हमारे लिए कुछ दिन में एक पप्पी (पिल्ला) लायेंगे। लेकिन उनकी मां को इस बात से सख्त नाराजगी थी कि छोटे से घर में पिल्ला पाला जाये। तुम दोनों, एक तो अपना ही सामान, किताबें यहां वहां बिखराये रहते हो ऊपर से उसकी और साफ-सफाई करो। आप ये बताओ कि ये नया पंगा क्यों मोल ले रहे हो? आप को पता है कि एक बार हमारे बच्चे को कुत्ते ने काटा था तो कितने इन्जेक्शन लगवाने पड़े थे। मैनें उन्हे समझाया कि पड़ोस में ही कुतिया ने कई बच्चों को जन्म दिया है। वहीं से एक पिल्ला ले आऊंगा, मैं कोई खरीद कर नहीं ला रहा।

बच्चों में मायूसी सी छा गई। सभी चुप हो गये। मैनें कहा इनकी कोई गलती नहीं है। मैनें ही पिल्ला लाने के लिए कहा था। तुम चिन्ता मत करो, बच्चों ने कहा है कि वे खुद ही उसकी देखभाल करेंगे। अभी तक खुद से खाना आता नहीं है, उसे कैसे खिलाएगें? तुम चिन्ता मत करो। हमारी पत्नी ने कहा क्यों बच्चों के साथ-साथ आप भी जिद कर रहे हैं? उसे कौन संभालेगा? घर से बाहर निकलो तो अनेक कुत्ते दिखते हैं जहां भी जाओ आवारा कुत्तों की भरमार है। इन्हें घर में लाने की क्या जरुरत है, जो कुछ खिलाना है घर के बाहर ही दे दो। मुझे पत्नी की बात तो एकदम ही सही लग रही थी। मगर क्या करें बच्चों के आगे मेरी एक न चल रही थी। पत्नी ने कहा मुझे पता है दो-चार दिन तो सभी उसका ख्याल करोगे। फिर सिर्फ मेरे लिए मुसीबत बनेगी। बच्चों ने हमारी बात सुनी तो वे एक साथ बोले मां जी आप को बिलकुल भी चिन्ता करने की जरुरत नहीं है। हम ही उसे घुमाने ले जायेंगे, उसकी सारी देखभाल करेंगे। बस आप हां कह दो, प्लीज, प्लीज। मां का ह्र्दय मिनट में पिघलता है, ये बात भली-भांति पता थी बच्चों को। जैसे ही उन्हें अपनी मां की इजाजत मिली वे पूरे घर में किलकारियां मार के खुश होने लगे।

अगले कुछ दिनों बाद मेैं एक पिल्ला, जिसे पहले ही पसंद कर आया था लेने गया। वहां अब केवल पांच ही पिल्ले बचे थे। हमारी अच्छी किस्मत थी कि जिसे पसंद किया था वो अभी भी वहां पर खेल रहा था। वह बहुत भूरे रंग का था, उसके माथे पर एक सफेद निशान था। कुछ इंतजार के बाद मैनें पिल्ले को अपने पास बुलाया, धीरे धीरे उसे पीनट बटर खिलाया तो वो मेरे पीछे-पीछे हो लिया। घर लाते ही बच्चे खुशी से पागल हो गये। बच्चों ने ही उसका नाम ड्यूकि फाईनल किया। ये आलम तो तब था जब ये पिल्ला देशी नस्ल का था, यदि किसी खास नस्ल का होता तो क्या होता, समझ से परे है। सप्ताह भर में ही वह हमें पहचानने लगा। हर शाम को घर पहुंचते ही वो हमें देखते ही दौड़ कर आता और हमारे पैरों में लिपट जाता। वह झूमता, पूँछ हिला-हिला के हमें अपनी खुशी का अहसास कराता, ऐसे लगता कि वह हमारा ही इन्तजार कर रहा हो। उसे दोनो समय बाहर घुमाने की जिम्मेदारी अब मेरी थी, क्योंकि बच्चों के इम्तहान शुरु होने वाले थे। हमारी वाईफ ने पप्पी को नहलाते हुए हंसकर कहा कि देखा मैनें पहले ही कहा था, कि मुझे ही देखभाल करनी पड़ेगी। बावजूद गुस्से के उन्हे नन्हा सा पप्पी बहुत प्यारा लगता।

जब दस-पन्द्रह दिन में ही वह इतना प्यारा लगने लगा, कि थोड़ी देर के लिए यदि न दिखे तो उसकी कमी बच्चों के साथ-साथ हमें भी खलने लगती थी। उसकी पसंद की चीजों में फल व सब्जियों के अलावा दूध व ब्रैड ज्यादा थीं। वह पपिता, केला, आम इत्यादि और कई सुखी सब्जियां बड़े चाव से खाता था। हम शाकाहारी थे, इसलिए वह भी वैजिटेरियन बन गया। वह जब बिमार पड़ता तो उसे तुरन्त डॉक्टर के पास ले जाता। एक बार दस्तों की वजह से दो दिन उसे एडमिट कराना पड़ा, तब ठीक हो पाया। यकायक, ये ख्याल आया कि वो एक जानवर ही है, फिर भी वह हमें और हम उसको देखे बिना रह नहीं पाते। हम लोग आपस में क्यों नहीं प्यार से रह सकते? जब हम जानवरों तक को इतना प्यार करने लगते हैं। हमें क्या हो गया, क्यों एक-दूसरे को दुश्मन समझने लगे? एक पिल्ले से इतना प्रेम और इन्सान आपस में एक दूसरे के खून के प्यासे हैं। लोगों को गाली देते सुना है कि, कुत्ता कहीं का। कुत्ता तो बहुत अच्छा है।

ड्यूकी के गले में एक सतरंगी पट्टा डाल दिया था। वह शुरु के दिनों में पट्टे को काटने की बहुत कोशिश करता लेकिन हर बार विफलता ही मिलती। जब चार-पांच दिनों तक उसे रोज सुबह-शाम गले में पट्टा बांधकर साथ घुमाया, तो पट्टे की आदत हो गई। जब कभी किसी की तबीयत खराब होती तो वह भी उदास रहता और बिना कुछ खाये-पिये एक कोने में चुपचाप बैठा रहता। उसकी आंखें थोड़ी नम सी हो जाती। वह सब समझता था कि हम दुखी हैं उसकी ये बेचारगी ही थी कि कुछ कह नहीं पाता, लेकिन हम उसका दुख बखूबी समझते थे।

एक सुबह हर रोज की तरह मैनें उसे पट्टे के साथ ही घर के आगे ही एक पार्क में छोड़ दिया। कुछ देर बाद जब मैनें उसे गैलरी से आवाज दी तो वह कहीं नजर नहीं आया। मुझे लगा कि यहीं-कहीं घूम रहा होगा। जब कई आवाजों के बाद भी मुझे वह दिखाई नहीं दिया तो मेरे मन में ख्याल आया कि कहीं कोई ले तो नहीं गया उसे। मैंनें फोरन पार्क व आस-पास की जगह दौड़-दौड़ कर ढूढ़ना शुरु किया। मेरी सांसें फूलने लगी थी। ऐसा लग रहा था मानों किसी ने बहुत गहरा आघात दे दिया हो। पैरों की ताकत क्षीण हो गई थी। मैनें घर पर फोन किया तो पत्नी ने कहा कि उसे कौन ले जायेगा, देशी नस्ल का है, आराम से देखो वहीं कहीं घूम रहा होगा। मैं थोड़ा प्रेक्टिकल होकर बिना ज्यादा चिंता किये उसे दोबारा ढूढ़ने में जुट गया। मैनें अपने स्कूटर से कॉलोनी के कई चक्कर लगाये लेकिन वो प्यारा सा पिल्ला कहीं नजर नहीं आया। समझ में नहीं आ रहा था, कि इतनी सी देर में कैसे गायब हो गया? एक शक-सुबा होने लगा कि कहीं उसे किसी ने अच्छी नस्ल का समझ कर अपने घर में ना छिपा लिया हो। थक हारकर भी कहीं नहीं नजर आया, तो मेरे दिल में एक अजीब सी उदासी छाने लगी। वह थोड़ी ही देर पहले तो मेरे साथ खेल रहा था। हे भगवान, क्यों तू इतना कठोर हो गया? मेरी दिल की पुकार सुन प्रभु, वह झाड़ी से या किसी के घर से निकलते दिख जाये बस। मैं फिर कभी अकेला ना छोड़ुंगा उसे। मेरी नजर चारों और यूँ फिरती मानों कस्तूरी की खोज में मृग हो जैसे। कुछ न सूझता था कि जब स्कूल से बच्चे आयेंगे तो उन्हे कैसे समझाऊंगा। वे मुझे कभी माफ नहीं करेंगे। उनकी इतनी छोटी सी इच्छा को में संभाल नहीं पाया। मुझे अब एक ही बात समझ आ रही थी कि पास ही के थाने में जाकर रपट लिखा दूँ।

एक कागज पर ड्यूकी के हुलिये व उसकी नस्ल की जानकारी देते हुए उसकी गुमशुदगी की ख़बर एक पुलिस अधिकारी को देने चला गया। वहां बैठे अधिकारी ने शुरु में तो दिलचस्पी दिखाई लेकिन बाद में कोई खास तवज्जों नहीं दी, शायद, ड्यूकी की देशी नस्ल (ब्रिड) आड़े आ रही थी। उन्होनें पाठ पढ़ाना शुरु कर दिया कि ऐसे कुत्ते तो हजारों मिल जायेंगे। आप और लेकर पाल लो, क्यों अपना और हमारा समय नष्ट कर रहे हो। मैनें कहा कि आप नहीं जानते वो बहुत ही ज्यादा प्यारा था। मेरे बच्चों को ये जानकर बहुत गहरा दुख होगा, मैनें कहा, प्लीज कुछ तो करिये। उसने मेरी प्रार्थना पत्र की कॉपी पर एक गोल स्टांप मार कर मुझे देते हुए कहा, भाई-साब आप तो ऐसे कह रहे हो कि हमने ही आपका पिल्ला रख रखा हो, कि दे दिया लाकर एक सैकिंड मैं। एक बच्चे की फोटो दिखाकर बोले, अब ये बताओ कि ये बच्चा है पिछले 15 दिन से गायब है, पहले इसे ढुंढू या आपके पिल्ले को, आप बताओ? मैं कुछ कह पाता इससे पहले वो कहने लगे, हमारी बात तो समझना नहीं चाहते हो आप। दिल्ली बहुत बड़ा शहर है, अब कहां मिलेगा आपका ड्यूकी। एक लंबी और गहरी सांस भरकर मैं वहां से उतना ही निराश होकर निकला, जितना पिल्ले के खो जाने से हुआ था।

अब तक सुबह के दस बजने वाले थे, गोया, दफ्तर से भी फुरसत का जी चाह रहा था। किसी काम में मन नहीं लग रहा था। रह रहकर ये बात मन को कचोटती कि काश मैनें उसे अकेले नहीं छोड़ा होता। जब घर पहुंचा तो पत्नी कि आंखे उदास व रुआंसी लग रही थी। बस शाम तक उसी की बातें होती रहीं और चाय के सिवा कुछ भी गले से नहीं उतरा।

दौपहर में बच्चों ने डोर बैल बजाई, वे जोर जोर से बैल बजा रहे थे, क्योंकि ड्यूकी बैल की आवाज सुनकर दौड़कर गेट पर आता था। वह भी जानता था कि इस समय कौन आते हैं। जो उसके साथ घन्टों मोज –मस्ती करते हैं। मैनें ही दरवाजा खोला तो वे मुझे देखकर बोले पापा आज दफ्तर नहीं गये। क्या तबीयत ठीक नहीं है आपकी? मैं कुछ कहता इससे पहले, उन्होंने पुछा कि ड्यूकी कहां हैं आज गेट पर नहीं आया। दोनों ने एक स्वर में जोर से आवाज दी ड्यूकी, ड्यूकी। हमसे कुछ भी नहीं कहा जा रहा था बस चुप रहे। दोनो ने पुछा कि बात क्या है कहां है ड्यूकी? जब सारी बात बताई तो मेरे बेटे ने रोना शुरु कर दिया वह चुप ही नहीं हो रहा था। बेटी ने अपने दिल की पीड़ा छिपाते हुए अपने भाई को समझाना शुरु किया कि अभी रोना बंद कर, नहीं तो, कल के इम्तिहान की तैयारी नहीं कर पायेगा। बेटे के मन में कुछ और ही चल रहा था कुछ देर बाद बेटे ने कहा कि हमें वैसा ही पप्पी लाकर दो नहीं तो हम आप से बात नहीं करेंगें। कई बार समझाने पर भी वह अपनी जिद पर अड़ा हुआ था। हर बात पर एक ही रट रहती कि पहले हां कहो नहीं तो मैं नहीं खाता, मैं नहीं मानता। बेटे ने एक नया सरदर्द मुझे कई दिन तक दिये रक्खा। तकरीबन पांच दिन बाद मुझे ये ख्याल आया कि उसी जगह से दुसरा पिल्ला ले आता हूँ, कम से कम बेटे का मन रह जाएगा। मैं थोड़ी देर में उसी जगह पहुँच गया। मुझे ये देखकर बहुत हैरानी और खुशी हुई कि जिसे मैं हर जगह खोज रहा था वह तो अपनी मां का दूध पी रहा था। उसके गले मैं पट्टा अभी भी बधां हुआ था। क्या अदभुत नजारा था। क्योंकर मैंने उसे उसकी मां से अलग करने का विचार किया था? हाय, अपनी मां से ये विरह उसने किस तरह काटा होगा। गले का पट्टा, गले का फंदा नजर आ रहा होगा, यही सोचकर मैने उसे पट्टे रुपी फंदे से मुक्त कर दिया।

उसी शाम, मैंने पत्नी व बच्चों को कहा कि आओ देखते हैं कि कोई और पिल्ला मिल जाये तो ले आना वहीं से। वास्तव में, मेरे मन में पिल्ला लाना नहीं, बच्चों को समझाना भर था। जब हम वहां पहुंचे तो बच्चे व पत्नी देखकर हैरान हो गये कि ड्यूकी वहीं खेल रहा था। जैसे ही हम उसके पास जाने लगे, उसकी मां हमें घूरने लगी। मेरे बेटे को ये बात समझ आ रही थी कि वह अपने बच्चे को अलग नहीं होने देगी। मैंने कहा बेटा जैसे हम अपने बच्चों से प्यार करते हैं, ये भी अपने बच्चों से उतना ही प्यार करते होंगे। मेरे बच्चों ने कहा कि पापा आप सही कह रहे हो। हमें उन्हे एक-दूसरे से अलग नहीं करना चाहिये। हमें ये खुशी थी कि वह कहीं खोया नहीं था, बल्कि अपने परिवार के साथ ही था।  

Thursday, May 2, 2019

आदत से मजबूर हैं


राजेश कुमार पूनिया
आदत से मजबूर हैं। (स्वच्छता पर लघु नाटक)

जगबीर- (पान खाते हुए) भोला सुनो, ये कुड़ा करकट कब उठाओगे, और ये पतझड़ में गिरे पत्ते  क्या यहीं सूख जाएंगे। सफाई क्यों नहीं करते हो? महीने में आ जाते हो रुपये लेने।

भोलानंद- जी वो कल ही उठा दूगां। अब पतझरिया में हर और पत्ते ही पत्ते बिखर जाते हैं। कोई कितना साफ करे।

जगबीर- देखो याद करके उठा लेना, बता दिया तुमको।

भोलानंद- कल साफ मिलेगा जी।

जगबीर- (सड़क पर चलते-चलते, साथी के साथ बातचीत) हर और साफ सफाई रहे तो कितना अच्छा हो। कितनी गंदगी है यहां, ये कैसा शहर हुआ भला। देखो भाई, सफाई या स्वच्छता पर कहना मुश्किल हो सकता है, लेकिन करना तो बहुत आसान है।
सतीश - अपना मुंह तो एक मिनट के लिए भी खाली नहीं कर पाते। बस इतना ही कहुंगा पर उपदेश कुशल बहुतेरे

जगबीर- पर उपदेश कुशल बहुतेरे, मतलब?

सतीश- घर जाकर समझोगे।  आदत  बदलो अपनी। मुझे प्रतिवर्ष अपने विभाग में स्वच्छता पर निबंध या लेक्चर देने पर पुरस्कार मिलता रहा है, लेकिन सफाई करना इतर बात होती है। भाई जी, भारत को स्वच्छ बनाने के लिये केवल  गांधी जी का चश्मा ही काफी नही। हम सबको गांधीजी की विचारधारा को सम्पूर्णता से  समझना चाहिए।
आकाश- (बात बीच में ही काटते हुए) यही तो बिमारी है। कोई कुछ अच्छा करे वो भी नहीं सुहाता लोगों को। हम बात कर रहे थे सफाई की, और आप इसे ले आये अपनी घटिया  राजनीतिक बहस पर।
साथी- जिसका काम उसे ही साजे।

आकाश- क्या अनाप-शनाप कह रहे हो। इस युग में तो ऐसी बात न करो। दुनिया कहां की कहां पहुंच गई है, और आप हो कि उसी जगह खड़े हो। दूसरे countries को देखो वहां कोई इतनी सफाई नहीं करता जितनी हमारे देश में होती है।
विकास-    अच्छा..!

आकाश- हाँ, बिलकुल वे लोग हमसे कम साफ- सफाई करते हैं। कई-कई दिन तक खुद तो नहाते नहींवो क्या जाने सफाई का अर्थ। लेकिन फिर भी वहां हर तरफ साफ-सफाई कहीं  ज्यादा नजर आती है।
आकाश-   पता है ऐसा क्यों?

विकास-   नहीं पता ... तुम बताओगे? .....चलो बताओ।

आकाश-   सिर्फ वे लोग इतना ही करतें हैं कि वे कहीं भी कुछ भी नहीं फेंकते, बस, हो गई आधी सफाई तो यूँ हीं। वहां चलते फिरते गंद नहीं फैंकते। अपनी आंख बचा कर यहां वहां नहीं  फेंकते कुछ भी।
साथी- एकदम सही कह रहे हो भैया।

आकाश- पर इन जैसों का क्या करें, सारी दुनिया में शहर को लल्लुओं की राजधानी बना दिये  हैं।

सतीश- ये बहुत प्रेम से खैनी, गुटका, तम्बाकू व पानवा का सेवन करते हैं, जब मुंह में संभाले नहीं संभलता  उबेक देते हैं यहां वहां।

विजय- अब जिसे नहीं सुधरना उसे कौन सुधार सकता है।

आकाश- सौ बार ना सुधरे, खाये गुटका, पान तम्बाकू लेकिन अपने घर। ताकि जब गंदा हो तो केवल उसे ही चिंता हो। दिक्कत तो तब है जब वो हमारे शहर को गंदा करता है।
विजय- हाँ कहना तो वाजिब है आपका, जो ये सब नहीं खाता वो भी अपने जुतों, चप्पलों में ये गंद सनाये, घुमने को मजबुर है।

आकाश- एक IDEA है मेरे जहन में सुनो-समझो तो बतांऊ।

विकास- भाई अपना आजाद देश है सबको अपनी राय रखने का हक है, ये पड़ोसी मुल्क नहीं है।

आकाश- IDEA ये है, जो public place सार्वजनिक स्थान पर मुंह में पान, गुटका इत्यादी रखा मिले उसे प्यार से हम सभी थोड़ा टोक दिया करें। केवल इतना कह दें भाई ये जो पीक मारोगे ना, उससे अपना शहर गंदा होता है, कृपया एक जगह बैठकर किसी डब्बी में रख लो या नैपकिन  का प्रयोग कर  के उसो यूज मी में डालो। प्यार से ज्यादातर लोग मान ही जाते हैं ये मेरा  अनुभव कहता है।
रणबीर-  जिन्हे नहीं मानना वे किसी की नहीं मानते।

आकाश- जो फिर भी ना माने उसे कम से कम DTC Buses, DELHI  Metro में तो न चढ़ने दें। जब इन जैसे लोग अपना मुंह खोलते हैं सारी बस में बदबू (नाक पर हवा करते हुए) हो जाती है। सही मेंऐसे लोगों की वजह से ही आधे लोग ऑटो करना पसंद करते होंगे।

रणबीर- फ्री में नैपकिन बांट दोगे फिर भी वे थूकेंगे, सड़क पर ही, मैं जानता हूँ इनकी रग-रग को। ये कहतें हैं सफाई कर्मियों को सरकार तन्ख्वाह किस बात की देती है। ये ना मानै किसी की भी, भाई ये डंडे के यार हैं डंडे के।


(सभागार में उपस्थित आप सभी से ये विनती है कि घर अपना है तो शहर भी तो अपना ही है। बस इतना ही समझ लिजिए तो ये बुरी आदत एक दिन में छूट जायेगी)

कुछ अंतराल के बाद.....(लगभग 5 सैकेंड)


पर्दे के पीछे एक शोर होता है..रोने की सी आवाज आती हैं।


(क्या हुआ ये आवाजें कैसी आ रहीं हैं), अरे वो अपना भोलानंद ....क्या हुआ भोलानंद को।  

संजय- भोलानंद अब हमारे बीच नहीं रहा,

आकाश- नहीं रहा ?

संजय- हाँ, वो सेफ्टी टैंक की सफाई करने उसमें गया था। अन्दर गैस जहरीली थी। टैंक के अन्दर ही दम घुटने से मौत हो गई उसकी। जब सारे उपकरण नहीं मिलेंगे तो यही  होगा। 

Monday, April 29, 2019

लोटा(कलश)


लोटा(कलश)

आज घर से निकलते ही मंदिर जाने का मन हुआ और पंडित जी ने कल नये घर में हवन करने के लिए शुभ दिन बताया है। एक साल बाद वो दिन आ ही गया जब गृह-प्रवेश का दिन तय हो गया। घर खरीदे हुए तो एक साल हो गया है लेकिन जाने क्यों अभी तक हवन न हो सका था। सारी चीजें बहुत जल्दी करनी थी, जैसे सभी को निमन्त्रण देना, भोजन की व्यवस्था एवं पूजा सामग्री लाना। सबसे पहले सभी को कल के प्रोग्राम के लिए दूरभाष द्वारा सूचित किया। इस कार्यक्रम में परिवार एवं पड़ोसियों को ही निमन्त्रित किया था। पूजा सामग्री की सूची लेकर तुरन्त मैंने सारा पूजा का सामग्री खरीदी, मुझे ये सामान खरीदने में ज्यादा देर न लगी क्योंकी, एक दुकान जहां लिखा था यहां पूजा का सारा सामान मिलता है में पहुंच गया। साथ ही एक हवन कुंड भी ले लिया। दुकानदार ने मुझे बताया कि हवन-कुंड भी ले जाओ, दो सौ रुपये जमा करा कर, जब वापस करोगे तो जमा रुपये लौटा दिये जाएंगे। हमारा फर्ज है आपको बताना कि हवन-कुंड के बिना फर्श खराब हो जाएगा। दुसरा रास्ता है कि किसी परात में मिट्टी भर लेना, तो भी चलेगा। सही में ये बात मुझे ध्यान न थी कि हवन कुंड के बिना फर्श खराब भी हो सकता है।

पंडित जी ऑटो से आये थे। वे गली ढुंढ रहे थे। उनका मोबाईल फोन आया कि वे फलां जगह पर हैं। मैनें उन्हे वहीं मेरा इन्तजार करने के लिए कहा। कुछ देर बाद में उन्ही के साथ अपने नये घर पर आ गया। ऑटो वाले ने कहा कि 150 रुपये बने हैं। पंठित जी ने हमें भुगतान करने के लिए कहा। हमें थोड़ा अजीब तो लगा लेकिन अब किया क्या जाए। पन्डित जी ने शुरु में ही थोड़ा वक्त की पाबन्दी बता दी थी। अत: कार्यक्रम उसी के अनुसार तय किया गया था। सुबह के 9.30 बजे हवन शुरु हो गया। उन्होनें हमसे पूछा कि सब चीज ले लिये थे? मैने कहा जी पन्डित जी जैसा लिस्ट में लिखा था सभी सामान ले लिया है। उन्होने वास्तु शास्त्र के हिसाब से भगवान गणेश, लक्ष्मी, हनुमान आदि की प्रतिमाओं को एक लाईन में स्थापित कर दिया। पूजा प्रारम्भ हो गई। अब तक एक दो मेहमान भी आने शुरु हो गये थे।

पण्डित जी ने सबसे पहले हमें एक-एक फूल दिया और कहा कि सौ-सौ रुपये लगा कर सभी देवी-देवता को अर्पित करें। हमने कहे अनुसार ही अर्पित कर दिया। ऐसे ही एक परात में बने पांच देवी-देवताओं को भी हमने पांच स्थानों पर 100-100 के नोट चढ़ा दिये। कई बार पण्डित जी मंत्रोचारण के दौरान केवल ईशारे से ही रुपये चढ़ाने के लिए कहते। पण्डित जी बीच-बीच में शखंनाद द्वारा पूरे घर को पवित्र करते। जब करीब आधा घन्टा हो गया तो उन्होंने हवन कुंड में सारी लकड़ियाँ डाल कर और संवीदा डालकर अग्नि प्रज्वलित कर के कुछ देर मंत्रोचारण किये। सभी को थोड़ी-थोड़ी हवन सामग्री डालने को कहा। जब सामग्री थोड़ी सी बची तो पूर्णाहूति दे दी गई। सभी को खड़े होने को कहा। सभी औम जय जगदीश हरे...गाते हुए आरती करने लगे। दीपक थाली में रखा हुआ था। एक स्वास्तिक उस थाली में बना हुआ था। सभी को बारी-बारी से उसमें कुछ दक्षिणा रखनी होती है, और उसके बाद आरती करके आगे बढ़ानी होती है। जब लगभग सभी आरती की थाली को ले चुके थे, उन्होने आरती समाप्त कर दी। अंत में आम की पत्तियों की वंदरवाल बनाने की उन्हें याद दिलाई गई। 

हम सभी देख कर भोंचक्के हो गये कि ये केवल रुपये बटोरने के लिए ही कर रहे थे क्या? अपनी श्रद्दा अनुसार हमने वस्त्रादि से उनका मान किया, दक्षिणा में 1501 दिये। अब पंडित जी हमसे कहने लगे कि एक दोने में गाय के लिए भोजन निकाल दिजिये। सबसे पहले कन्या को भोजन कराइये। लेकिन खुद भी जल्दी में थे। उन्होने इतनी जल्दी –जल्दी में खाना खाया कि जैसे रेल छूट रही हो। पंडित जी आराम से भोजन करिये हमने उनसे जैसे ही कहा, एक कटोरी उठा कर बोले ये लाओ, अब वो लाओ, अब ये लाओ अब वो लाओ। हमारे इतने चक्कर लग गये कि हमें कहना ही पड़ा कि पंडित जी बुफे सिस्टम है आप खुद ही ले लिजिए ना। लेकिन वे बोले हम खाने के दौरान उठ-बैठ नहीं करते। आज से पहले, किसी को इतना सारा खाना इतनी जल्दी खाते न देखा था। यदि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में होते तो पक्का रिकॉर्ड बना देते। जब खाना खा लिया तो कहने लगे ये थाली अब हमारी होती है। और साथ ही ये लोटा भी। हमने कुछ ना कहा, बस इतना ही कह पाये  जी ठीक है। चलते-चलते पंडित जी ने थोड़ा ईशारा किया कि मंदिर में बड़े पुजारी जी पुछें तो कहना 501 दक्षिणा दी है। हमें ये सुनकर थोड़ा अटपटा सा लगा, सो पूछ लिया क्यों झूठ बुलवाते हो हमसे। जो दिया है वहीं बताने में क्या हर्ज है पंडित जी। वे थोड़ा नीची नजर करके बोले आप नहीं जानते उनको बहुत धुर्त पंडित हैं। हम उनको आज से नहीं कई साल से झेल रहें हैं। उनके चेहरे के भाव ने मुझ पर गहरा असर कर दिया था, मुझे वे एक शोषित मनुष्य नजर आने लगे। इस वजह से मेरे मुहं से अनायास ही निकल गया कि, ठीक है, नहीं बताऊंगा कि आप ने क्या दक्षिणा ली।

जब जाने लगे तो कहा, अब हमारे जाने का किराया तो दीजिये, एक बड़ी सी डकार लेने के उपरान्त उन्होने कहा कि यहां से वहीं 150 रुपये बनेंगे। चलो अब इतने गये थोड़े और सही, यही सोचकर हमने उन्हे खुशी-खुशी अपने घर से विदा किया। हम सभी ने उनके जाने के बाद कई देर तक उन्हे याद करके हंसते रहे। हमारे भाई उनकी बचकाना हरकतें सहन नहीं कर पा रहे थे, उन्होंने अपना गुस्सा कई बार पीया। अगले दिन जब पत्नी को घर पर लोटा न मिला तो हमने बताया कि वो तो पंडित जी ले गये। पत्नी बोलीं, उसी लोटे(कलश) में पानी भरकर कल गृह-प्रवेश किया था, उसे कैसे ले गये पंडित जी? मैंने पहली बार किसी पंडित को लोटा(कलश) अपने साथ ले जाते देखा है। क्या वे नहीं जानते थे? कि लोटे को नहीं ले जाते और तब जब पता है कि उसी लोटे में जल भर कर गृह-प्रवेश किया था। मैंने भी उन्हे नहीं रोका ये सोचकर कि उन्हे ज्यादा ज्ञात है।

एक तो वैसे ही उन्होंने अपनी लालची हरकतों से सभी को नाखुश कर दिया था, अब हमें ये बात अत्यंत बुरी लग रही थी, थाली तो सही है जिसमें खाना खाया था। लोटे को भी अपने साथ ले गये। ज्यादा देर न करते हुए उन्हे तभी मोबाईल फोन लगाया। उधर से आवाज आई कि बोलिए बन्धु। हमने पुछा लोटा क्यों ले गये आप? उस पर आपका हक नहीं बनता, कब आऊं लेने? वे कुछ न बोल सके केवल इतना ही कहा कि कल शाम में आके ले जाना। मुझे यह दुख भी था कि पंडित जी को दे दिया तो दे दिया, अब वापस क्या मांगना। बस वजह यही थी कि लोटा झूठ बोलकर ले गये थे। दुसरा, हमारी आस्था थी कि वह लोटा जो गृह-प्रवेश के समय प्रयोग किया हो वह घर में रहना चाहिए।

जब नियत समय पर मन्दिर गया तो वे एक और बुजुर्ग पंडित जी के समीप ही बैठे हुए थे। मुझे देखते ही वे एकाएक खड़े हो गये और मुझे बोले कि मेरे पीछे-पीछे आओ। मैनें कहा कि आप यहीं ले आईये। मुझे वहीं खड़ा देखकर वे दौबारा बोले आ जाओ अन्दर ही आ जाओ। मैं समझ नहीं पा रहा था कि वे मुझे अन्दर क्यों बुला रहे हैं। चूकिं में थोड़ा क्रिकेट खेल का शौकीन हूँ, मैंने उन्हें कहा कि आप थोड़ा बात समझें मैच शुरु होने वाला है। दिल्ली का मैच है आज, मुझे मैच देखना है। वे जैसे ही अन्दर गये, बुजुर्ग पंडित जी ने मुझसे दबी आवाज में सवाल किया कि कल हवन करवाने की दक्षिणा क्या दी थी पंडित जी को? मैं अब तक सारा माजरा समझ गया था कि क्यों पंडित जी मुझे अन्दर आने के लिए चेष्टा कर रहे थे। वे नहीं चाहते होंगे कि मेरा सामना उन्ही बुजुर्ग पंडित से हो। वे बार- बार मुझे बताने के लिए मजबूर कर रहे थे। बुजुर्ग पंडित जी दौबारा बोले, ये बहुत चालाक है, इसे तुमने क्या दक्षिणा दी मुझे बता दो। मुझे ये बताने में थोड़ा संकोच हो रहा था क्योंकि उस पंठित जी ने इस पंडित जी को बहुत धुर्त कहा था। मुझे समझ में नहीं आ रहा था कि असल में कौन कितने पानी में था। पहली बार मुझे ऐसे पंडित जी मिले थे जो यज्ञ हवन में बड़ी-बड़ी ज्ञान की बातें कर रहे थे लेकिन खुद थे पोंगा।

जब कभी मैं ऐसी विषम परिस्थित में फंसा हूँ वहां से केवल मेरे ईश्वर ने ही मुझे बचाया है। आज फिर मुझे एक विचार दिया। उसी समय पंठित जी लोटा लेकर आते दिखे। मैनें बुजुर्ग पंडित जी से पूछा, क्या आपको बाद में बता दूँ? देखो पंडित जी इधर ही आ रहे हैं। उन्होनें कहा एक से दौ के बीच में ये लन्च पर जाता है, तब आके बता देना। घर आकर सारी कहानी जब बच्चों को बताई तो वे कहने लगे क्या मन्दिर के पुजारी भी ऐसी सोच रखते हैं? मैंने उन्हें कहा कि बच्चों अभी तुम बहुत छोटे हो जब बड़े हो जाओगे तब समझोगे कि जिसे हम जहां ढूंढते हैं वह वहां हर बार नही मिलता।